NaitionalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडउत्तराखण्डखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरदेशन्यूज़

तरंग शक्ति 2026: जोधपुर के आसमान में आज सूर्यकिरण और सारंग टीम दिखाएंगी हैरतअंगेज करतब

जोधपुर में चल रहे ‘तरंग शक्ति 2026’ में 10 अक्टूबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहुंचेंगे, वहीं 11 को इसका समापन होगा.

जोधपुर : सूर्य नगरी जोधपुर के आसमान में जारी युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ के दूसरे चरण का रोमांच गुरुवार को अपने चरम पर पहुंचने वाला है. सुबह 10 बजे जोधपुर एयरबेस पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने खास लाल रंग के विमानों के साथ उड़ान भरेगी. उनके साथ आसमान में सुखोई लड़ाकू विमान भी हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे, जिसे बेस के नजदीकी इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों की छतों से भी देख सकेंगे.

भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण ऐरोबेटिक डिस्प्ले टीम के लाल रंग के किरण हॉक विमान जोधपुर एयरबेस पर उड़ान भरेंगे. सूर्यकिरण टीम के अलावा हेलीकॉप्टर की सारंग ऐरोबेटिक टीम भी इसमें में भाग ले रही हैं. रक्षा प्रवक्ता कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार गुरुवार को जोधपुर वायु सेना स्टेशन पर सारंग और सूर्यकिरण की टीमें देसी व विदेशी मेहमानों के सामने अपने करतब और हुनर का प्रदर्शन करेंगी. इसके अलावा भारत के एलसीएच हैलीकॉप्टर, एडब्ल्यूडीटी टीम, एलसीए एलसीएच प्रचंड प्रदर्शित किए जायेंगे.

​इस युद्धाभ्यास में भारत के अलावा अमेरिका, यूएई, ग्रीस और ऑस्ट्रेलिया सहित आठ प्रमुख देश अपने लड़ाकू विमानों और सैन्य संसाधनों के साथ अभ्यास कर रहे हैं. वहीं, 32 देशों के सैन्य प्रतिनिधि बतौर पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) इसका हिस्सा बने हैं. जोधपुर के आकाश में विभिन्न देशों के वायु सैनिक एक-दूसरे के रणनीतिक अनुभवों को साझा कर रहे हैं. ​इसी कड़ी में भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने अभ्यास में हिस्सा ले रहे मित्र देशों के वायु योद्धाओं से मुलाकात की. यह बातचीत अंतरराष्ट्रीय सौहार्द और साझा रणनीतिक समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई. यह बातचीत पेशेवर आदान-प्रदान, आपसी समझ और अंतर्राष्ट्रीय सौहार्द की भावना को दर्शाती है जो तरंग शक्ति के केंद्र में स्थित है. भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल दीक्षित ही 31 अक्टूबर को वायु सेना प्रमुख बनेंगे.

​युद्धाभ्यास के समापन समारोह के अवसर पर 10 अक्टूबर को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जोधपुर पहुंचेंगे. उनके साथ वायुसेना प्रमुख भी मौजूद रहेंगे. रक्षा मंत्री यहां विदेशी सैन्य दलों से संवाद करेंगे. ‘तरंग शक्ति’ का आधिकारिक समापन 11 अक्टूबर को होगा, जिसके बाद सभी विदेशी टुकड़ियां अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो जाएंगी.

Related Articles

Back to top button